Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा में पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए बिहार से चोरी हुई टाटा नेक्सॉन कार बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के जहानाबाद निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कार की नंबर प्लेट बदलकर उसे पश्चिम बंगाल में बेचने की योजना थी। पुलिस की कार्रवाई से यह कोशिश नाकाम हो गई।
पटना से चोरी हुई थी टाटा नेक्सॉन
पुलिस के अनुसार, बिहार के पटना जिले के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में 15 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे सरकारी कर्मी अजय कुमार की टाटा नेक्सॉन कार उनके घर के पास से चोरी हो गई थी। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर UP-52J-3705 बताया गया है। इस मामले में रामकृष्ण नगर थाने में कांड संख्या 1096/26 दर्ज किया गया था। चोरी की घटना के बाद बिहार पुलिस वाहन की तलाश कर रही थी। इसी बीच जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को सूचना मिली कि चोरी की कार जामताड़ा के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही है।

सातसाल गांव के पास घेराबंदी कर कार जब्त
गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ वसीम राजा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो और पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने सातसाल गांव के पास घेराबंदी कर कार बरामद कर ली। मौके से बिहार के जहानाबाद जिले के निवासी मोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया।
नंबर प्लेट बदलकर बंगाल में बेचने की थी योजना
पुलिस के मुताबिक, वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट बदलकर उस पर धनबाद, झारखंड का रजिस्ट्रेशन नंबर लगाया गया था। इसके बाद कार को पश्चिम बंगाल में बेचने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, पुलिस ने समय रहते वाहन बरामद कर लिया। 16 अक्टूबर को बिहार पुलिस के एसआई मिथुन कुमार जामताड़ा पहुंचे। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए बिहार ले जाया गया।
गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच
पुलिस अब मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। बरामदगी को अंतरराज्यीय वाहन चोरी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।






















