मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, बर्थडे मनाकर लौट रहे दो युवकों की मौत; 5 घंटे जाम रहा हाईवे

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों एक दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गिरिडीह-रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक आवागमन बाधित रहा। प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने और फरार वाहन की पहचान कर कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे जाम हटाया गया। मृतकों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी सूरज तुरी (22), पिता प्रकाश तुरी, और तुलसी दास, पिता स्वर्गीय गुरु दास, के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।

कुछ महीने पहले ही हुई थी सूरज तुरी की शादी

मृतक सूरज तुरी के पिता प्रकाश तुरी ने बताया कि उनका बेटा दूसरे प्रदेश में काम करता था। कुछ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। इसी वजह से फिलहाल वह काम के लिए बाहर नहीं गया था। सोमवार को सूरज अपने दोस्त तुलसी दास के साथ एक अन्य मित्र का जन्मदिन मनाने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। परिजनों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक करीब 50 मीटर दूर जा गिरी। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मुआवजे और फरार वाहन को पकड़ने की मांग पर सड़क जाम

दो युवकों की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने गिरिडीह-रांची मुख्य मार्ग पर विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों में एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, सीओ जितेंद्र प्रसाद, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों को समझाया। परिजनों को मुआवजे का भरोसा दिया गया। साथ ही दुर्घटना में शामिल फरार मालवाहक वाहन का पता लगाकर चालक की पहचान करने और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे जाम समाप्त हुआ।

विरोध के दौरान गुजरा मंत्री का काफिला, नहीं रुका वाहन

मृतक सूरज के पिता प्रकाश तुरी ने आरोप लगाया कि सड़क जाम के दौरान वहां से एक मंत्री का काफिला गुजरा, लेकिन काफिले में शामिल वाहन नहीं रुका। उन्होंने कहा कि परिवार की पहली मांग दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की पहचान कर उसे पकड़ने की है, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

फरार मालवाहक वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हुई है। घटना के बाद कुछ लोगों ने सड़क जाम कर दिया था। पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाना था। हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच जारी है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment