Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : जिले के मरकच्चो प्रखंड में नवलशाही-नावाडीह मार्ग पर धोबियाडीह स्थित मैना नदी के पास सड़क की स्थिति जर्जर हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पत्थर कारोबारियों ने नदी में पाइप डालकर और पत्थर-मिट्टी भरकर अस्थायी पुल बना दिया है। इस रास्ते से रोजाना पत्थर लदे भारी वाहनों के गुजरने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात में बढ़ जाती है ग्रामीणों की परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं और कीचड़ जमा होने से पैदल चलने वालों तथा बाइक सवारों को काफी दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पत्थर लदे ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पर हादसे का खतरा बना हुआ है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
मुख्य मार्ग के बजाय ग्रामीण रास्ते से ढुलाई का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की नजर से बचने के लिए पत्थरों का परिवहन मुख्य मार्ग के बजाय इस ग्रामीण रास्ते से किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के परिचालन की जांच की जाए और सड़क की क्षमता व निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों ने यह सवाल भी उठाया है कि लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क खराब हो रही है, तो उसकी मरम्मत और निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है।
मैना नदी के अस्तित्व पर भी खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी में पाइप डालने और पत्थर-मिट्टी भरकर अस्थायी पुल बनाने से मैना नदी के प्राकृतिक प्रवाह और अस्तित्व पर भी खतरा पैदा हो सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने रास्ते की तत्काल मरम्मत कराने, नदी में किए गए कथित अतिक्रमण की जांच करने और अवैध या ओवरलोड भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की अपील की है।





















