Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : झारखंड की DGP तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को जमशेदपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कोल्हान प्रक्षेत्र के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस स्थित SSP आवास में क्राइम रिव्यू मीटिंग की। करीब एक घंटे चली बैठक में हाल के दिनों में हुई प्रमुख आपराधिक घटनाओं और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में कोल्हान DIG, जमशेदपुर SSP, SP समेत विभिन्न जिलों के वरीय अधिकारियों ने प्रमुख मामलों की जांच और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी DGP को दी। DGP ने अपराध में शामिल गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई करने, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और पुलिस गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए।
गोलमुरी बैंक डकैती की जांच पर विशेष फोकस
बैठक में 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई डकैती का मामला प्रमुखता से उठा। DGP ने मामले की जांच की प्रगति, संदिग्धों की पहचान और संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने मामले की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा 25 सितंबर को सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग की घटना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से घटना के बाद की पुलिस कार्रवाई और जांच की स्थिति की जानकारी ली गई।
चार प्रमुख घटनाओं की हुई समीक्षा
क्राइम मीटिंग में चांडिल के टेंथ माइल स्टोन रेस्टोरेंट में 24 अगस्त को युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले की भी समीक्षा हुई। जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP ने मामले में अब तक हुई कार्रवाई और जांच की प्रगति से DGP को अवगत कराया। वहीं, मरीन ड्राइव सड़क हादसे में चार छात्रों की मौत के मामले में भी पुलिस कार्रवाई और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती के साथ संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा उपायों की जानकारी ली गई।
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को लेकर भी निर्देश
बैठक में आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। भीड़भाड़ वाले इलाकों, पूजा पंडालों, बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। DGP ने संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी, नियमित गश्ती और मजबूत सूचना तंत्र पर जोर दिया। अधिकारियों को त्योहारों के दौरान किसी भी आपराधिक घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
जमशेदपुर SSP आवास में हुई बैठक में कोल्हान DIG अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण SP शुभम खंडेलवाल, सिटी SP ललित मीना, सरायकेला SP मनोज स्वर्गीयारी समेत विभिन्न DSP और थाना प्रभारी मौजूद रहे। DGP ने अधिकारियों से जिले और शहर की मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।























