मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

जमशेदपुर में 750 करोड़ के कथित GST घोटाले को लेकर ED की छापेमारी, ज्ञानचंद जायसवाल के ठिकाने खंगाले

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : करीब 750 करोड़ रुपये के कथित GST घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह जमशेदपुर में स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बिष्टुपुर के एन रोड स्थित बीएस टावर में उनके कार्यालय पर सुबह करीब 6:30 बजे ईडी की टीम पहुंची और दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान कार्यालय में आवाजाही पर रोक लगा दी गई। ईडी अधिकारियों के साथ रांची से पहुंचा पुलिस बल भी सुरक्षा के लिए मौके पर तैनात रहा।

जमशेदपुर से आदित्यपुर और कोलकाता तक पहुंची कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, ईडी की कार्रवाई का दायरा जमशेदपुर के अलावा आदित्यपुर और कोलकाता तक बताया जा रहा है। आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में भी टीम के पहुंचने की सूचना है। इसके अलावा ज्ञानचंद जायसवाल के अकाउंटेंट संजय पारीक से जुड़े ठिकानों पर भी तलाशी लिए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, छापेमारी की पूरी जानकारी आधिकारिक रूप से सामने आना अभी बाकी है।

दस्तावेज और डिजिटल डाटा की जांच

ईडी की टीम कारोबारी परिसरों में मौजूद वित्तीय दस्तावेज, कारोबार से जुड़े कागजात और लेन-देन के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके अलावा कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और हार्ड डिस्क समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद डिजिटल डाटा भी खंगाला जा रहा है। कार्रवाई के दौरान कुछ दस्तावेज और डिजिटल सामग्री अपने कब्जे में लिए जाने की भी सूचना है। हालांकि, ईडी की ओर से बरामदगी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

फर्जी बिलिंग और ITC से जुड़ा है मामला

मामला कथित फर्जी GST बिलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के गलत तरीके से लाभ लेने से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, कागजी लेन-देन और कथित फर्जी बिलों के जरिए ITC का लाभ लेने की जांच पहले से चल रही है। इसी जांच के आगे के क्रम में बुधवार की ईडी कार्रवाई को देखा जा रहा है। एजेंसी अब कथित वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल से जुड़ी जानकारियों की भी पड़ताल कर रही है।

2024 में DGGI ने किया था गिरफ्तार

ज्ञानचंद जायसवाल इससे पहले भी GST से जुड़े मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। जून 2024 में DGGI ने उन्हें गिरफ्तार किया था। उस समय जांच एजेंसी ने दो कंपनियों से जुड़े मामले में 55.66 करोड़ रुपये के कथित ITC घोटाले का आरोप लगाया था। बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

अगस्त 2025 में भी हुई थी ED की कार्रवाई

इसके बाद अगस्त 2025 में भी ईडी ने ज्ञानचंद जायसवाल से जुड़े जमशेदपुर और आसपास के कई परिसरों पर तलाशी ली थी। उस दौरान बिष्टुपुर, बर्मामाइंस, जुगसलाई और आदित्यपुर स्थित परिसरों की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई थी। बुधवार की कार्रवाई को इसी मामले से जुड़े कथित मनी ट्रेल और वित्तीय लेन-देन की आगे की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। ईडी की ओर से विस्तृत जानकारी जारी होने के बाद छापेमारी में हुई बरामदगी और जांच से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment