Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले में अवैध बालू के परिवहन के खिलाफ खनन विभाग की कार्रवाई जारी है। माइनिंग इंस्पेक्टर अजीत कुमार चौधरी ने लगातार दो दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। दोनों मामलों में चालकों के पास बालू परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिले।
गोविंदपुर-साहेबगंज हाइवे से ट्रैक्टर जब्त
बुधवार को नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहेबगंज हाइवे पर जांच के दौरान खनन विभाग की टीम ने बालू लदा एक ट्रैक्टर पकड़ा। चालक से बालू के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रैक्टर को जब्त कर नारायणपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया। विभाग की ओर से मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

एक दिन पहले कंटकी गांव के पास भी हुई कार्रवाई
इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी माइनिंग इंस्पेक्टर ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के कंटकी गांव के पास छापेमारी की थी। इस दौरान बालू लदे एक अन्य ट्रैक्टर को जब्त किया गया था। इस तरह दो दिनों के भीतर अवैध बालू परिवहन के दो मामले पकड़े गए हैं।
NGT के निर्देशों के बीच उठ रहे निगरानी पर सवाल
गोविंदपुर-साहेबगंज हाइवे पर बालू लदे वाहनों की आवाजाही को लेकर स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध परिवहन पर रोक के लिए नियमित जांच और निगरानी जरूरी है। वहीं, यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि प्रखंड स्तर पर गठित NGT टास्क फोर्स की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है, जब लगातार अवैध बालू परिवहन के मामले सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अवैध बालू खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित जांच और कार्रवाई तेज करने की मांग की है।




















