Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी साइबर डीएसपी ने दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
दो ठिकानों पर छापेमारी, 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने पहले रिंगोचिंगो गांव स्थित सुनील कुमार मंडल के घर पर छापेमारी की, जहां से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद अमडीहा गांव के डंगाल स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में दबिश देकर तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। विशेष टीम में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक सुशील टुडू, पुलिस निरीक्षक अमित कुमार और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तरीकों की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि गिरोह गैस उपभोक्ताओं को फोन कर उन्हें ‘गैस विवरण अपडेट’ करने का झांसा देता था। इसके बाद कथित तौर पर पीड़ितों से स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाया जाता था। पुलिस का कहना है कि इसके जरिए मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी हासिल कर पैसों की ठगी की जाती थी।
बैंक अधिकारी बनकर OTP हासिल करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर भी लोगों को फोन करते थे। इस दौरान ग्राहकों से एटीएम कार्ड का 16 अंकों का नंबर, CVV और OTP हासिल करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि इन जानकारियों के जरिए ई-वॉलेट समेत अन्य माध्यमों से खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे।
दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज
मामले में साइबर थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस के अनुसार, कांड संख्या 61/26 और 62/26 के तहत BNS 2023, IT Act और Telecommunications Act 2023 की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार मंडल (24), पिता गुलजार मंडल, निवासी रिंगोचिंगो; मो. अबुतालिब अंसारी (41), पिता मरहूम इनामुल हक, निवासी ऊपर-भीठरा; बहारुद्दीन अंसारी (23), पिता अलीम अंसारी, निवासी हेठ-भीठरा; और समीम अंसारी (28), पिता मनुवार हुसैन, निवासी ऊपर-भीठरा, करमाटांड़ के रूप में हुई है।























