Samachar Post डेस्क, रांची : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाज ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है। सोमवार को हुए फाइनल में ईशा का सामना चीन की शियाओ जियारुइशुआन से हुआ। दोनों का स्कोर 38-38 पर बराबर रहने के बाद गोल्ड के लिए शूटऑफ हुआ, जिसमें चीन की खिलाड़ी ने जीत दर्ज की और ईशा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
शूटऑफ तक पहुंचा मुकाबला
ईशा सिंह ने फाइनल में शानदार वापसी करते हुए पदक पक्का किया। वह उत्तर कोरिया की किम ह्योन सुक के साथ 34-34 के स्कोर पर बराबरी पर थीं। पदक के लिए दोनों के बीच लगातार तीन शूटऑफ हुए, जिनमें जीत दर्ज कर ईशा गोल्ड की दौड़ में पहुंचीं। इसके बाद चीन की शियाओ जियारुइशुआन के साथ मुकाबला हुआ। अंतिम सीरीज के बाद दोनों का स्कोर 38-38 रहा। गोल्ड तय करने के लिए हुए पहले शूटऑफ में भी दोनों 4-4 से बराबर रहीं, लेकिन दूसरे शूटऑफ में शियाओ ने 3-2 से बाजी मार ली।
क्वालिफिकेशन में आठवें स्थान पर थीं ईशा
ईशा ने क्वालिफिकेशन राउंड में 580-22x स्कोर के साथ आठवां स्थान हासिल कर फाइनल के लिए जगह बनाई थी। वह कटऑफ से मामूली अंतर से आगे निकलकर आठ निशानेबाजों के फाइनल में पहुंची थीं। 25 मीटर पिस्टल में यह ईशा का लगातार दूसरा एशियन गेम्स सिल्वर है। इससे पहले उन्होंने हांगझोउ एशियन गेम्स में भी इस स्पर्धा का व्यक्तिगत रजत पदक जीता था।
10 मीटर एयर पिस्टल में नहीं मिली थी जगह
एशियन गेम्स के 10 मीटर एयर पिस्टल मुकाबले में ईशा फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थीं और 15वें स्थान पर रही थीं। इसके बाद 25 मीटर पिस्टल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम फिनिश हासिल किया।






















