Samachar Post रिपोर्टर, रांची : दीपावली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने नई सुविधा शुरू की है। अब यात्रियों के मोबाइल पर SMS भेजकर बताया जाएगा कि किस पूजा स्पेशल ट्रेन में कितनी सीटें उपलब्ध हैं। इसका उद्देश्य वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को समय रहते वैकल्पिक ट्रेन की जानकारी देना है। त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे यह सुविधा शुरू कर रहा है।
बिहार और यूपी के यात्रियों को मिलेगा SMS
रेलवे ने ऐसे यात्रियों का डेटा तैयार किया है, जिन्होंने पिछले कुछ समय में बिहार और उत्तर प्रदेश की यात्रा की है। इन्हीं यात्रियों के मोबाइल नंबर पर बल्क SMS के जरिए स्पेशल ट्रेनों और उपलब्ध सीटों की जानकारी भेजी जाएगी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, इस पहल से यात्रियों को अलग-अलग ट्रेनों में सीट खोजने की परेशानी कम होगी और वे उपलब्ध विकल्प के आधार पर तुरंत टिकट बुक कर सकेंगे।
त्योहारों में बढ़ जाता है सीटों का दबाव
दीपावली और छठ के दौरान बिहार एवं उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। नतीजतन अधिकांश नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग हो जाती है, जबकि हवाई किराया भी काफी बढ़ जाता है। ऐसे में पूजा स्पेशल ट्रेनें यात्रियों के लिए बेहतर विकल्प बनती हैं। रेलवे अब इन्हीं ट्रेनों में उपलब्ध सीटों की जानकारी सीधे मोबाइल पर भेजेगा। रेलवे ने अक्टूबर के मध्य से नवंबर के अंत तक करीब 1000 पूजा स्पेशल ट्रेन फेरों के संचालन की योजना बनाई है। पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे ने विभिन्न जोन से भीड़ और वेटिंग के आंकड़े भी मांगे हैं, ताकि जिन रूटों पर सबसे ज्यादा मांग होगी वहां अतिरिक्त फेरे जोड़े जा सकें।
दिल्ली से बिहार के कई शहरों के लिए मिलेगी सुविधा
त्योहारों के दौरान नई दिल्ली और आनंद विहार से दानापुर, भागलपुर, दरभंगा, जोगबनी समेत बिहार के कई शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। मोबाइल पर मिलने वाले SMS में यात्रियों को उपलब्ध सीटों वाली स्पेशल ट्रेनों की जानकारी मिलेगी, जिससे वे समय रहते अपनी यात्रा की योजना और टिकट बुकिंग कर सकेंगे।





















