- आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी में रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा पूजा; गौशाला और मूक-बधिर विद्यालय में भी पहुंचा विश्वविद्यालय परिवार
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी रांची में कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर के जन्मदिन के अवसर पर सेवा, सामाजिक सरोकार और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्वविद्यालय परिवार ने जन्मदिन को सामाजिक सेवा के साथ जोड़ते हुए रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा पूजा और सेवा कार्यक्रमों में भाग लिया।
कार्यक्रम की प्रमुख कड़ी के रूप में रिम्स, रांची के तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस दौरान लोगों को नियमित रक्तदान के लिए भी प्रेरित किया गया।
विश्वकर्मा पूजा में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
विश्वविद्यालय परिसर में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पूजा में हिस्सा लेकर संस्थान की प्रगति, समृद्धि और सफलता की कामना की। कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा को ज्ञान, कौशल, तकनीक, श्रम और सृजन का प्रतीक बताया गया।

गौशाला और मूक-बधिर विद्यालय में सेवा
जन्मदिन समारोह को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य गौशाला और मूक-बधिर विद्यालय भी पहुंचे। वहां सेवा और सहयोग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। मूक-बधिर विद्यालय में बच्चों के साथ समय बिताया गया, जबकि गौशाला में सेवा कार्य किया गया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खुशियों को समाज के साथ साझा करने और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास ही जन्मदिन को सार्थक बनाता है। विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. साधना कपूर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।





















