जामताड़ा में बांस की झाड़ियों से चल रहा था साइबर ठगी का खेल, SBI क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज : जामताड़ा में एक बार फिर साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने SBI क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सदस्य महताब अंसारी को गिरफ्तार किया है। वह कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के बरमुंडी गांव का रहने वाला बताया गया है।

यह भी पढ़ें : धनबाद में आर्यन केल्विन के शो में बेकाबू हुई भीड़, मारपीट-तोड़फोड़; पुलिस ने कार्यक्रम कराया बंद

बांस की झाड़ियों में बैठकर कर रहा था साइबर ठगी

पुलिस के अनुसार, साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई का निर्देश मिला था। इसके बाद साइबर पुलिस की टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में सकलपुर-बरमुंडी मार्ग पर भेलवाटांड़ के पास बांस की झाड़ियों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने महताब अंसारी को कथित तौर पर साइबर ठगी करते हुए पकड़ लिया। उसके पास से 4 मोबाइल फोन और अलग-अलग कंपनियों के 5 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए।

SBI क्रेडिट कार्ड के नाम पर बनाता था शिकार

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी लोगों को फोन कर SBI क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी होने की बात कहकर झांसे में लेता था। इसके बाद वह उन्हें एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहता था। पुलिस के मुताबिक, इसी APK के जरिए आरोपी मोबाइल से क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करता था। इसके बाद उस जानकारी का इस्तेमाल कर पीड़ितों के खातों से रकम निकालने का आरोप है।

पुलिस खंगाल रही आरोपी का साइबर नेटवर्क

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगी के इस तरीके से देश के कई राज्यों में लोगों को अपना शिकार बना चुका है। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। महताब की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की भी जांच कर रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उसके गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Share this news

संबंधित खबरें