पेट्रोल पंप में 49% हिस्सेदारी का झांसा देकर 2.08 करोड़ की ठगी का आरोप, रिटायर्ड CCL डॉक्टर ने दर्ज कराई FIR

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी देने का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त CCL चिकित्सा पदाधिकारी से 2.08 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। ऐश्वर्या रेजिडेंसी, रोड नंबर-5 निवासी डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी ने इस संबंध में पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में हजारीबाग के साउथ शिवपुरी, बोद्दम बाजार निवासी पिंकू कुमार चौधरी पर पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाकर पैसे लेने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी कई वर्षों से उनके परिचित थे।

यह भी पढ़ें : करंट की चपेट में आकर हाथी की मौत, झुंड के दूसरे हाथियों के घायल होने की आशंका

HPCL की डीलरशिप मिलने की बात कहकर बनाया भरोसा

प्राथमिकी के अनुसार, 20 मार्च 2022 को पिंकू कुमार चौधरी डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी के घर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने बताया था कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) से चौपारण के पांडेय बाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पेट्रोल पंप की डीलरशिप मंजूर हो चुकी है। आरोपी ने पूंजी की कमी का हवाला देते हुए डॉ. चौधरी और उनकी पत्नी डॉ. प्रभा कुमारी को इस कारोबार में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव दिया था।

स्टांप पेपर पर हुआ था एग्रीमेंट

शिकायत के मुताबिक, पेट्रोल पंप कारोबार में साझेदारी को लेकर 30 अप्रैल 2022 को 20 रुपये के स्टांप पेपर पर दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट किया गया था। इसके बाद आरोपी ने भरोसा दिलाया कि पेट्रोल पंप की साझेदारी और HPCL से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करा दी जाएंगी।

72.70 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट दिखाने का भी आरोप

डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उनका भरोसा मजबूत करने के लिए 72.70 लाख रुपये का एक डिमांड ड्राफ्ट भी दिखाया था। आरोप है कि पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी और कारोबार का भरोसा देकर बाद में उनसे लगातार बड़ी रकम ली गई। शिकायतकर्ता ने कुल 2.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

पुंदाग ओपी पुलिस ने दर्ज की FIR

मामले को लेकर पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान एग्रीमेंट, पेट्रोल पंप की डीलरशिप से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की जांच की जा सकती है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

Share this news

संबंधित खबरें