करंट की चपेट में आकर हाथी की मौत, झुंड के दूसरे हाथियों के घायल होने की आशंका

Samachar Post रिपोर्टर,लातेहार : जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के कोमर गांव में रविवार देर रात करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथियों का एक झुंड गांव और आसपास के इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान खेत में पहुंचे एक हाथी की बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में झुंड के कुछ अन्य हाथियों के भी घायल होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : बेटे की मौत के मामले में न्याय नहीं मिलने का आरोप, SSP कार्यालय के बाहर मां ने किया आत्मदाह का प्रयास

पिछले कई दिनों से गांव पहुंच रहा था हाथियों का झुंड

ग्रामीणों के अनुसार, कोमर गांव और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही हो रही थी। रात के समय हाथियों का झुंड गांव पहुंचकर खेतों और घरों को नुकसान पहुंचा रहा था। रविवार रात भी करीब 15 हाथियों का झुंड गांव की ओर पहुंचा था। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी और काफी प्रयास के बाद उन्हें गांव से दूर खदेड़ दिया। हालांकि, देर रात झुंड एक बार फिर गांव की ओर लौट आया।

मकई के खेत की ओर गया था हाथियों का झुंड

जानकारी के अनुसार, गांव लौटने के बाद हाथियों का झुंड एक ग्रामीण के मकई के खेत की ओर चला गया। इसी दौरान वहां मौजूद बिजली के तार की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई। वन विभाग के ट्रैकर पप्पू महतो के मुताबिक, रात करीब दो बजे तक हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसके बाद झुंड दोबारा खेत की ओर पहुंचा, जहां करंट की चपेट में आने से हादसा हो गया।

हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज से बढ़ी चिंता

घटना के दौरान ग्रामीणों ने हाथियों के जोर-जोर से चिंघाड़ने की आवाज भी सुनी। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि करंट की चपेट में झुंड के अन्य हाथी भी आए होंगे और कुछ घायल हो सकते हैं। हालांकि, अन्य हाथियों के घायल होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की टीम पूरे इलाके की जांच कर रही है और झुंड के अन्य हाथियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

वन विभाग कर रहा मामले की जांच

वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर हाथी की मौत के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिस बिजली के तार की चपेट में हाथी आया, वह वहां किस परिस्थिति में मौजूद था। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share this news

संबंधित खबरें