Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में ओमप्रकाश सिंह की हत्या के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और हत्या में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जाम के कारण सिद्धनाथ गेट, नवीनगर मोड़ और सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के आसपास आवागमन प्रभावित रहा। विरोध के दौरान हुसैनाबाद की कई दुकानों को भी बंद कराया गया। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
दौड़ाकर गोली मारने का आरोप
बताया गया कि बुधवार रात ओमप्रकाश सिंह अपनी गाड़ी रोककर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद ओमप्रकाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने उनका पीछा किया और दोबारा गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन और स्थानीय लोग ओमप्रकाश को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें : टाटा स्टील कर्मचारियों को बोनस का तोहफा, 11 सितंबर को खाते में आएगी राशि; अधिकतम 4.52 लाख रुपये
मृतक पर दर्ज थे आठ मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक ओमप्रकाश सिंह के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में आठ मामले दर्ज थे। पुलिस हत्या की वजह की जांच के दौरान उसके पुराने आपराधिक मामलों और उनसे जुड़े संभावित विवादों को भी ध्यान में रख रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम मेदिनीनगर में कराया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक मुख्य सड़क पर ग्रामीणों का विरोध और जाम जारी था।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


