जुगसलाई में फायरिंग की खबर से मचा हड़कंप, पुलिस को नहीं मिला खोखा; जांच जारी

Rupa Kumari | September 2, 2026 | 10:50 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जुगसलाई के चौक बाजार इलाके में मंगलवार रात कथित फायरिंग की खबर से अफरा-तफरी मच गई। एक स्कूटी को टक्कर मारने के बाद बाइक सवार दो युवकों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल से गोली का कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में फिलहाल पुलिस ने फायरिंग की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल ठाकुर जुगसलाई चौक बाजार में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास बैठे थे। इसी दौरान उनके छात्र शुभम ठाकुर स्कूटी से वहां पहुंचे। उज्ज्वल को देखते ही शुभम ने स्कूटी रोकी और दोनों बातचीत करने लगे।

स्कूटी में टक्कर के बाद शुरू हुआ पीछा

बताया गया कि इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन्होंने शुभम की खड़ी स्कूटी में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों बाइक सवार तेजी से वहां से निकलने लगे। शुभम ने उनका पीछा किया और जुगसलाई ग्वाला पट्टी टर्निंग के पास पहुंच गया। आरोप है कि ग्वाला पट्टी टर्निंग के पास बाइक सवार युवकों ने शुभम को निशाना बनाकर गोली चलाई। हालांकि, शुभम बाल-बाल बच गया। घटना के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें : खंड में कमजोर पड़ा मानसून, फिर भी उफान पर नदियां; 4 जिलों में आज येलो अलर्ट

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और घटना से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही फरार बाइक सवार युवकों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से खोखा नहीं मिलने के कारण अभी फायरिंग की पुष्टि नहीं की जा सकती। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में गोली चलाई गई थी या नहीं।

Share this news

संबंधित खबरें