पुलिस एसोसिएशन के अल्टीमेटम पर जयराम महतो का पलटवार, बोले- माफी नहीं मांगेंगे

Rupa Kumari | August 26, 2026 | 01:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : डुमरी विधायक जयराम महतो और झारखंड पुलिस एसोसिएशन के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ फोन पर कथित अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर पुलिस एसोसिएशन ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर विधायक से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की थी। एसोसिएशन ने इसके लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अब जयराम महतो ने इस मांग पर पलटवार करते हुए साफ कहा है कि वह माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने कहा कि वह दबाव में अपना रुख नहीं बदलेंगे।

फांसी पर चढ़ जाएंगे, माफी नहीं मांगेंगे

जयराम महतो ने पुलिस एसोसिएशन की ओर से दिए गए अल्टीमेटम पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “फांसी पर चढ़ जाएंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे।” विधायक ने एसोसिएशन की प्रेस वार्ता के तरीके पर भी सवाल उठाया और उस पर कथित तौर पर नस्लीय भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जिस तरह पुलिस संगठन की ओर से बयान जारी किया गया, वह उचित नहीं है। वह अपने रुख पर कायम हैं और किसी दबाव में माफी नहीं मांगेंगे।

निजी बातचीत सार्वजनिक करने पर भी सवाल

विधायक ने कहा कि बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ उनकी बातचीत मोबाइल फोन पर हुई थी और यह सार्वजनिक बातचीत नहीं थी। उन्होंने इसे निजी बातचीत बताते हुए उसके सार्वजनिक किए जाने पर सवाल उठाया। जयराम महतो ने संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला देते हुए निजता के अधिकार की बात कही। उन्होंने पुलिस संगठन से सवाल किया कि मोबाइल पर हुई निजी बातचीत को सार्वजनिक करने का अधिकार उसे किस आधार पर मिला।

यह भी पढ़ें : रांची में आज जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी, शहर में निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी

पुलिस एसोसिएशन ने मांगी थी सार्वजनिक माफी

गौरतलब है कि जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच कथित गाली-गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस एसोसिएशन ने नाराजगी जताई थी। एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता कर विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी। अब विधायक के माफी मांगने से इनकार के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बयानबाजी तेज हो गई है। मामले में आगे पुलिस एसोसिएशन और विधायक की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर बनी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें