Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 26 से 29 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
26 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अगस्त को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना है। रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में भी बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 27 अगस्त को चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, धनबाद और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 अगस्त को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 29 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

रांची में 30 अगस्त तक मौसम खराब रहने की संभावना
राजधानी रांची में 26 से 30 अगस्त तक गरज-चमक, तेज हवा और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों या तारों के आसपास रहने से बचने की सलाह दी गई है। रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें : राज्यपाल संतोष गंगवार ने खोरठा गीतकार विनय तिवारी को किया सम्मानित
जमशेदपुर में सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जमशेदपुर में सबसे अधिक 5.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि रांची में 0.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना सुरक्षित रहेगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

