Samachar Post डेस्क, रांची : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने वित्तीय और बीमा सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया है। टाटा स्टील और एसबीआई के बीच मंगलवार को जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील परिसर में वेतन खाते और वेतन पैकेज सुविधाओं को लेकर समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर हुआ। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 1.10 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिल सकेगा। यह पहल खास तौर पर टाटा स्टील से जुड़े पात्र संविदा कर्मियों को भी वेतन पैकेज सुविधाओं से जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें : झारखंड में सरकारी कर्मियों-पेंशनभोगियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना, 75 करोड़ रुपये का बजट
1 करोड़ का मुख्य दुर्घटना बीमा, डेबिट कार्ड से 10 लाख अतिरिक्त
SBI के कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों को उनके वेतन स्लैब, खाते के प्रकार और पात्रता के आधार पर दुर्घटना बीमा का लाभ मिलेगा। इसमें 1 करोड़ रुपये तक का मुख्य व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और डेबिट कार्ड के जरिए उपलब्ध 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त दुर्घटना बीमा शामिल है। हालांकि, बीमा की वास्तविक राशि और दूसरी सुविधाएं संबंधित वेतन पैकेज के प्रकार और पात्रता पर निर्भर करेंगी। निर्धारित वेतन पैकेज के तहत मिलने वाली इन सुविधाओं के लिए कर्मचारियों से अलग से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
परिवार के 4 सदस्यों को भी 20 लाख तक का कवर
वेतन पैकेज में कर्मचारी के परिवार के लिए भी दुर्घटना बीमा की सुविधा रखी गई है। एसबीआई के रिश्ते खाते (गोल्ड और उससे ऊपर) के तहत कर्मचारी के अधिकतम चार परिवार के सदस्यों को 5-5 लाख रुपये, यानी कुल 20 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर मिल सकता है। इसके अलावा दुर्घटना में अभिभावक की मृत्यु होने की स्थिति में बच्चों की स्नातक स्तर तक की उच्च शिक्षा के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त कवर उपलब्ध है।

दो बेटियों की शादी के लिए 10 लाख तक की सहायता
पैकेज के तहत परिवार में अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए 5-5 लाख रुपये, यानी कुल 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का भी प्रावधान है। हालांकि, ये सभी सुविधाएं संबंधित नियमों और पात्रता शर्तों के अधीन होंगी। इसके अलावा कर्मचारियों को वायु दुर्घटना बीमा, स्थायी पूर्ण या आंशिक दिव्यांगता कवर, स्वास्थ्य बीमा का बेस कवर और सुपर टॉप-अप जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं। वेतन पैकेज में कर्मचारियों के लिए एयरपोर्ट लाउंज, यात्रा लाभ, ओटीटी सदस्यता, स्वास्थ्य जांच, जिम, स्पा, गोल्फ, फिल्म टिकट और अन्य बैंकिंग सुविधाएं भी शामिल हैं। इन सुविधाओं का लाभ कर्मचारी के वेतन पैकेज वैरिएंट और पात्रता के अनुसार मिलेगा।
SBI ने इसे कर्मचारी कल्याण की दिशा में अहम कदम बताया
एसबीआई के महाप्रबंधक एवं झारखंड राज्य प्रमुख बेनुधर पाढ़ी ने कहा कि टाटा स्टील के साथ बैंक का लंबे समय से मजबूत संबंध रहा है। स्थायी कर्मचारियों को पहले से वेतन पैकेज की सुविधाएं मिल रही हैं। अब पात्र संविदा कर्मियों को भी इस दायरे में लाने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास कर्मचारियों को वेतन खाते के साथ दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य उपयोगी बैंकिंग सुविधाएं बिना अतिरिक्त शुल्क उपलब्ध कराना है।

Reporter | Samachar Post

