इरफान अंसारी ने खड़गे को सौंपी JPSC-JSSC आंदोलन की रिपोर्ट, हेमंत सरकार को मिली बधाई

Meenu | August 21, 2026 | 12:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में करीब 26 दिनों तक चले युवाओं के आंदोलन के शांतिपूर्ण समाधान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने JPSC-JSSC आंदोलन, सरकार की पहल और युवाओं की मांगों को लेकर हुई बातचीत की विस्तृत जानकारी दी। इरफान अंसारी के मुताबिक, खड़गे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पूरी कैबिनेट को आंदोलन का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए बधाई दी। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी के प्रयासों की भी सराहना की।

यह भी पढ़ें : JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे चयनित अभ्यर्थी

राहुल गांधी के हस्तक्षेप से बातचीत का रास्ता खुला

मुलाकात के दौरान इरफान अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के हस्तक्षेप से आंदोलन कर रहे युवाओं की आवाज को मजबूती मिली। उनके अनुसार, इससे सरकार और प्रदर्शनकारी युवाओं के बीच बातचीत के जरिए समाधान तलाशने का माहौल तैयार हुआ। इरफान अंसारी ने बताया कि आंदोलन के दौरान सरकार की प्राथमिकता युवाओं से लगातार संवाद बनाए रखना और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना था। इसी क्रम में वह रातभर आंदोलन स्थल पर मौजूद रहे और प्रदर्शन कर रहे युवाओं से बातचीत की।

अनशन कर रहे युवाओं की कराई गई चिकित्सा व्यवस्था

मंत्री ने बताया कि अनशन कर रहे युवाओं के स्वास्थ्य को देखते हुए चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। बातचीत के बाद जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराने की पहल भी की गई। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद, संवेदनशीलता और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।

RIMS-2 और AI आधारित हेल्थ सर्विस पर भी चर्चा

खड़गे के साथ मुलाकात में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों पर भी चर्चा हुई। इरफान अंसारी ने राज्य में प्रस्तावित RIMS-2, नए मेडिकल कॉलेज, डिजिटल हेल्थ और AI आधारित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं की जानकारी कांग्रेस अध्यक्ष को दी। उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी बताया।

‘युवा देश का भविष्य, उनकी समस्याओं का समाधान जरूरी’

इरफान अंसारी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान टकराव के बजाय बातचीत और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।

Share this news

संबंधित खबरें