Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में JPSC और JSSC से जुड़ी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच अब राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी जांच बन गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की घोषणा के बाद वर्ष 2014 से अब तक हुई विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की जांच का जिम्मा अपराध अनुसंधान विभाग (CID) को सौंपा गया है। कुल 45 भर्ती परीक्षाएं जांच के दायरे में हैं।
सात IPS अधिकारियों की टीम कर रही जांच
सूत्रों के अनुसार, इस विशेष जांच का नेतृत्व CID के एडीजी मनोज कौशिक कर रहे हैं। जांच टीम में एक आईजी, एक डीआईजी, तीन एसपी सहित कुल सात आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। इनके अलावा दर्जन भर डीएसपी और करीब 50 पुलिस पदाधिकारी जांच में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि 45 परीक्षाओं की एक साथ जांच को देखते हुए CID अपनी टीम का और विस्तार कर सकती है। इसके लिए अतिरिक्त आईजी, डीआईजी, एसपी और अन्य अधिकारियों को भी जांच में शामिल किए जाने की संभावना है। जरूरत पड़ने पर जिला पुलिस का सहयोग भी लिया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में वर्ष 2014 से अब तक हुई भर्ती परीक्षाओं की जांच कराने की घोषणा की थी। इसके बाद कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी कर जांच प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया।

22 परीक्षाएं रद्द, 6 स्थगित, 17 की जांच
सरकार ने विभिन्न विभागों की कई भर्ती परीक्षाओं को रद्द कर दिया है, जबकि कुछ परीक्षाओं को जांच पूरी होने तक स्थगित रखा गया है। वहीं 17 परीक्षाओं की विस्तृत जांच CID को सौंपी गई है। रद्द या प्रभावित परीक्षाओं में विश्वविद्यालयों में नॉन-टीचिंग पदों की भर्ती, सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, सहायक प्रोफेसर, पॉलिटेक्निक लेक्चरर, सुपर स्पेशलिस्ट सहायक प्रोफेसर, सिविल जज, सहायक वन संरक्षक, वन रेंज अधिकारी, सहायक लोक अभियोजक, संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा, फूड सेफ्टी ऑफिसर, चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर, लिमिटेड डिप्टी कलेक्टर भर्ती और झारखंड एलिजिबिलिटी टेस्ट जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में 9 वर्षीय छात्रा से छेड़खानी, ऑटो चालक गिरफ्तार
जांच के नतीजों पर टिकी नजर
भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक, साक्षात्कार प्रक्रिया में अनियमितता और बिचौलियों की भूमिका जैसे आरोपों के बीच शुरू हुई यह जांच हजारों अभ्यर्थियों, चयनित उम्मीदवारों और राज्य की भर्ती प्रणाली के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब सभी की नजर CID की जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

