रांची में प्रोजेक्ट भवन परिसर में JSSC-CGL सफल अभ्यर्थियों का धरना, भारी पुलिस बल तैनात

Rupa Kumari | August 19, 2026 | 03:16 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JSSC-CGL के सफल अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को और तेज हो गया। मुख्य गेट के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी अब प्रोजेक्ट भवन परिसर के अंदर धरने पर बैठ गए हैं। प्रशासन द्वारा मुख्य गेट के सामने लगाया गया टेंट हटाए जाने के बाद अभ्यर्थियों ने परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब दो हजार सफल अभ्यर्थी परिसर में मौजूद हैं और लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

दो दिन में हाईकोर्ट जाने की तैयारी

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने उनका पक्ष सुने बिना उनके खिलाफ इतना बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे धरना खत्म नहीं करेंगे। अभ्यर्थियों ने बताया कि वे दो दिनों के भीतर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में हैं। अभ्यर्थियों में सरकार के फैसले को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि कई लोगों ने केंद्र सरकार और दूसरे विभागों की नौकरियां छोड़कर झारखंड में काम करने का फैसला किया था। अब सरकार के फैसले के बाद उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।

यह भी पढ़ें : पूर्व सीएम मधु कोड़ा की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई, ED ने दाखिल किया जवाब

बारिश के बीच भी प्रदर्शन जारी

अभ्यर्थियों ने कहा, “कल तक हम सचिवालय कर्मी थे, आज सड़क पर खड़े हैं।” उन्होंने सरकार के फैसले को अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। बारिश के बावजूद अभ्यर्थी छाता लेकर धरने पर बैठे हैं और लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। प्रोजेक्ट भवन परिसर में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल की तैनाती के बीच परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें