हजारीबाग में 25 साल से जर्जर रेलवे मार्ग, बारिश में कीचड़ और गड्ढों ने बढ़ाई यात्रियों की मुश्किलें

Rupa Kumari | August 19, 2026 | 02:14 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : बरही के ओल्ड जीटी रोड से बरही रेलवे स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सड़क पिछले करीब 25 वर्षों से बदहाल है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से राहगीरों और यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों यात्री, छात्र और रेलवे कर्मचारी आवागमन करते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार पैदल यात्रियों और बाइक सवारों के साथ दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने कई बार अपने स्तर पर मिट्टी और मोरम डालकर गड्ढे भरने की कोशिश की, लेकिन स्थायी मरम्मत नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।

रेलवे प्रशासन को दी गई जानकारी, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति और यात्रियों की परेशानी से रेलवे प्रशासन के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत या पक्कीकरण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों के अनुसार, सांसद मनीष जायसवाल को भी इस समस्या की जानकारी कई बार दी गई है। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें : 11वीं-13वीं JPSC की भी CBI जांच हो: बाबूलाल मरांडी, बोले- CID की जांच से सच सामने नहीं आएगा

बारिश में बढ़ा दुर्घटना का खतरा

लगातार बारिश के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है। न्यू रेलवे कॉलोनी और आसपास के लोगों ने रेलवे स्टेशन तक जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग का जल्द पक्कीकरण कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली से यात्रियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने रेलवे प्रशासन और सांसद से संयुक्त पहल कर सड़क का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें