Samachar Post डेस्क, रांची : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार देर रात एक पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित इस इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे। आग की चपेट में आने से 4 साल के बच्चे सहित 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए हैं।
रात में सो रहे थे लोग, धुएं से गई कई जानें
जानकारी के अनुसार, आग मंगलवार रात करीब 1:45 बजे लगी। घटना के समय होटल में ठहरे अधिकांश लोग सो रहे थे। आग के बाद इमारत में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे कई लोगों का दम घुट गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक दोनों शामिल हैं, हालांकि सभी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
80 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इमारत में घना धुआं भर जाने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया और करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल इमारत में कूलिंग का काम जारी है और पूरे परिसर की जांच की जा रही है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
पश्चिम Bengal के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण का पता फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि इमारत में अग्नि सुरक्षा मानकों और निर्माण नियमों के पालन में गंभीर लापरवाही की शिकायतें मिली हैं। साथ ही, वहां संचालित हो रहे होटलों के संचालन को लेकर भी कई अनियमितताओं की जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC विवाद: 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द, 17 मामलों की CID जांच; हजारों नियुक्तियों पर अनिश्चितता
भवन मालिक फरार, पुलिस की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद इमारत का मालिक फरार हो गया है। न्यू मार्केट थाना में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियां आग लगने के कारणों के साथ-साथ भवन में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और होटल संचालन में हुई कथित अनियमितताओं की भी जांच कर रही हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

