धनबाद पुलिस का बेहतर प्रदर्शन, जुलाई में 112 प्रतिशत मामलों का निष्पादन

Rupa Kumari | August 11, 2026 | 12:05 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : अपराध नियंत्रण और मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर धनबाद पुलिस ने जुलाई महीने में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। जिले में दर्ज नए मामलों की तुलना में पुलिस ने पुराने और नए मामलों को मिलाकर अधिक संख्या में कांडों का निष्पादन किया, जिससे निष्पादन दर 112 प्रतिशत तक पहुंच गई।

445 नए मामले दर्ज, 501 का हुआ निष्पादन

पुलिस आंकड़ों के अनुसार जुलाई माह के दौरान जिले के विभिन्न थानों में कुल 445 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं, इसी अवधि में पुलिस ने पुराने और नए मामलों को मिलाकर कुल 501 मामलों का निष्पादन किया। दर्ज मामलों से अधिक संख्या में कांडों के निपटारे के कारण निष्पादन दर 112 प्रतिशत दर्ज की गई।

लंबित मामलों की संख्या में कमी

त्वरित जांच और कार्रवाई का असर लंबित मामलों पर भी दिखाई दिया। जून माह के अंत तक जिले में कुल 1,796 मामले लंबित थे। जुलाई के अंत तक यह संख्या घटकर 1,740 रह गई। इस प्रकार एक महीने में 56 लंबित मामलों की कमी दर्ज की गई। धनबाद पुलिस ने लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को और तेज करने का लक्ष्य तय किया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आगामी दो महीनों में लंबित मामलों की संख्या को 1,600 से नीचे लाना है। इसके लिए विभिन्न थानों और जांच अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें : झारखंड बंद का सिमडेगा में दिखा असर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने NH-143 किया जाम

कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के साथ-साथ अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जांच की गुणवत्ता और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें