- टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा था युवक, करंट लगते ही नीचे गिरा; अस्पताल में इलाज जारी
Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन पर खड़ी टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा एक युवक ओवरहेड हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने के बाद युवक ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक की पहचान करीब 30 वर्षीय सागू राम के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है, हालांकि वह गंभीर रूप से झुलसा है।
ट्रेन की छत के रास्ते दूसरे छोर जाने की कर रहा था कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ट्रेन की छत पर चढ़कर एक कोच से दूसरे छोर की ओर जाने की कोशिश कर रहा था। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन इससे पहले कि वह नीचे उतर पाता, ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया।करंट लगते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई और युवक नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और रेलकर्मी मौके पर पहुंचे तथा घायल को अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा कर्मियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
टाटानगर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास ट्रेन की छत पर चढ़ने के दौरान हादसों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मई 2026 में प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी एक मालगाड़ी की छत पर चढ़ा युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था। इसके अलावा वर्ष 2019 में सालगाझड़ी इलाके में ट्रेन की छत पर सेल्फी लेने के दौरान दो युवक हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गए थे। उस घटना में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था।
यह भी पढ़ें: झारखंड विधानसभा मानसून सत्र: विपक्ष के बिना शुरू हुई सदन की कार्यवाही, BJP विधायकों का विरोध जारी
रेलवे की चेतावनी के बावजूद जारी है जोखिम
रेलवे लगातार यात्रियों को ओवरहेड बिजली तारों के खतरे के प्रति जागरूक करता रहा है। अधिकारियों का कहना है कि 25 हजार वोल्ट तक की विद्युत धारा वाले ओवरहेड तारों के नजदीक जाना भी जानलेवा हो सकता है। इसके बावजूद ट्रेनों की छत पर चढ़ने की घटनाएं रुक नहीं रही हैं, जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

