Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो : जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत पेटरवार थाना क्षेत्र में हिंदुस्तान पुल से दामोदर नदी में एक महिला के लापता होने के बाद दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी है। शुक्रवार को पिछरी गांव निवासी 32 वर्षीय सुमन कुमारी, पत्नी मनोरंजन साव, हिंदुस्तान पुल पहुंची थीं। इसके बाद उनके नदी में छलांग लगाने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और जिला आपदा प्रबंधन की टीम की मदद से दामोदर नदी में महिला की तलाश शुरू की गई। शुक्रवार देर शाम तक नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका।
यह भी पढ़ें : चाईबासा में गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 60 मवेशी मुक्त; दो पिकअप वैन जब्त
शनिवार सुबह फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार के अनुसार, शुक्रवार शाम तक महिला का पता नहीं चल पाया था। शनिवार सुबह से एक बार फिर व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस, स्थानीय गोताखोर और जिला आपदा प्रबंधन की टीम नदी के विभिन्न हिस्सों में महिला की तलाश कर रही है। खोज अभियान को आसान बनाने के लिए नदी के जलप्रवाह को कम करने का भी प्रयास किया गया है। इसके तहत तेनुघाट डैम के दो रेडियल गेट बंद किए गए हैं। टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही है।

महिला के नदी में जाने की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, महिला के नदी में जाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। स्थानीय स्तर पर भी लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि महिला के नदी में जाने से पहले की गतिविधियों और परिस्थितियों की जानकारी मिल सके। फिलहाल पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम का पूरा ध्यान महिला की तलाश पर है। सर्च ऑपरेशन के दौरान नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार निगरानी की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

