Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड स्थित नवडीहा ओपी एक बार फिर विवादों में है। गादी नवडीहा के मुखिया बिनोद साव ने नवडीहा ओपी प्रभारी सबीता महतो पर भूमि विवाद मामले में पक्षपातपूर्ण जांच रिपोर्ट देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। मुखिया बिनोद साव ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि उपायुक्त, नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी भेजी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुलिस की जांच रिपोर्ट ने न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया है।
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC मुद्दे पर दूसरे दिन भी BJP-AJSU विधायकों का धरना, छात्रों के आंदोलन को दिया समर्थन
1939 के पंजीकृत दस्तावेज का दिया हवाला
शिकायत के अनुसार मौजा नवडीहा के खाता संख्या-34, प्लॉट संख्या-249 की करीब 2 एकड़ 35 डिसमिल भूमि वर्ष 1939 में बिनोद साव के दादा झगरू साव और तालेबर साव ने पंजीकृत दस्तावेज के माध्यम से खरीदी थी। बाद में पारिवारिक बंटवारे के बाद यह जमीन उनके हिस्से में आई, जिसमें से कुछ भूमि उन्होंने अपनी पुत्री के नाम हस्तांतरित कर दी।

दो जांच रिपोर्ट पर उठाए सवाल
बिनोद साव का आरोप है कि आनंद साव और अन्य लोगों द्वारा भूमि पर दावा किए जाने के बाद मामला खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी की अदालत पहुंचा। न्यायालय के निर्देश पर नवडीहा ओपी से जांच रिपोर्ट मांगी गई। पहली रिपोर्ट में भूमि विवाद और तनाव की स्थिति स्वीकार की गई थी, जबकि दूसरी रिपोर्ट में कथित तौर पर अलग तथ्य प्रस्तुत करते हुए दूसरे पक्ष को वास्तविक कब्जाधारी बताया गया।
एसपी से विभागीय जांच की मांग
शिकायतकर्ता का कहना है कि भूमि स्वामित्व तय करना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, इसके बावजूद जांच प्रतिवेदन में एक पक्ष के पक्ष में टिप्पणी की गई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, विभागीय जांच शुरू करने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Reporter | Samachar Post

