गिरिडीह: PM श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय में नवगठित विद्यालय प्रबंधन समिति की पहली बैठक, विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता पर जोर

Rupa Kumari | August 5, 2026 | 03:01 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय, पचंबा में बुधवार को नवगठित विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष सोनी देवी ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक सह सचिव अशोक कुमार मिश्रा ने किया। बैठक में समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ स्वागत

बैठक की शुरुआत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और संयोजिका के स्वागत एवं अभिनंदन से हुई। विद्यालय परिवार, बाल संसद और शिक्षकों की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी नवचयनित पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इसके बाद विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, विद्यार्थियों की उपस्थिति और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर फोकस

प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने बैठक में विद्यालय से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, नामांकन बढ़ाने, शैक्षणिक आच्छादन को मजबूत करने तथा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में विद्यालय के समग्र विकास, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की रूपरेखा तैयार

बैठक में आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विशेष चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि विद्यालय क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली जाएगी और ध्वजारोहण कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित और पुरस्कृत करने का भी निर्णय लिया गया।

यह भी पढ़ें : रांची में दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू, भूमि पूजन के साथ पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ

विद्यालय के विकास में सहयोग का भरोसा

विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने विद्यालय में अब तक संचालित शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना की तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति और विद्यालय परिवार ने शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में अध्यक्ष सोनी देवी, उपाध्यक्ष रेशमी देवी, संयोजिका काजल देवी, शिक्षक प्रतिनिधि तनु प्रिया और स्वीटी कुमारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों पर सभी ने सहमति जताई।

Share this news

संबंधित खबरें