Samachar Post डेस्क, पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच सोमवार सुबह बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान के साथ जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और जनता के कल्याण की कामना की।
सोशल मीडिया पर साझा की पूजा-अर्चना की तस्वीरें
मंदिर में पूजा करने के बाद तेजस्वी यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि सावन की पहली सोमवारी के पावन अवसर पर बाबा हरिहरनाथ से राज्य की खुशहाली, सामाजिक सौहार्द और विकास के लिए प्रार्थना की गई। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और कांवरियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना भी की। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान तेजस्वी यादव ने वहां पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने शिवभक्तों से सावधानी और शांति के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने की अपील की तथा भगवान शिव का आशीर्वाद सभी पर बना रहने की कामना व्यक्त की।

आज आ रहा है बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम
इधर, 30 जुलाई को संपन्न हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार को जारी है। इस चुनाव को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। सीट पर भारतीय जनता पार्टी के नीरज कुमार, जन सुराज के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता के बीच मुकाबला माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : सहरसा में बड़ा रेल हादसा टला, पैसेंजर ट्रेन के इंजन और तीन बोगियों में लगी आग
प्रचार के दौरान राजद ने जताया था जीत का भरोसा
उपचुनाव प्रचार के दौरान राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा था कि जनता बदलाव चाहती है। वहीं तेजस्वी यादव ने भी चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि बांकीपुर की जनता इस बार नए विकल्प के पक्ष में मतदान करेगी और राजद मजबूत प्रदर्शन करेगा। बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों के दिन तेजस्वी यादव का बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचना राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टिकोण से चर्चा का विषय बना रहा। सावन की पहली सोमवारी पर उनकी पूजा-अर्चना को समर्थक आस्था और जनकल्याण की कामना से जोड़कर देख रहे हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

