मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

सहरसा में बड़ा रेल हादसा टला, पैसेंजर ट्रेन के इंजन और तीन बोगियों में लगी आग

Samachar Post डेस्क, बिहार : बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में ट्रेन का इंजन और उससे जुड़ी तीन बोगियां आ गईं। घटना के समय ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर हुई घटना

जानकारी के अनुसार, सहरसा से समस्तीपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 63344 सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी थी। इसी दौरान ट्रेन के इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलते हुए इंजन से सटी तीन बोगियों तक पहुंच गई। देखते ही देखते बोगियां धुएं और आग की चपेट में आ गईं। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म की ओर भागने लगे।

समय रहते यात्रियों को निकाला गया बाहर

रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग की ऊंची लपटों के कारण स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। रेलवे अधिकारियों और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग काफी भीषण थी, जिसके कारण उसे पूरी तरह नियंत्रित करने में समय लगा। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की इस घटना के कारण सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोका गया। बाद में स्थिति सामान्य होने पर रेल परिचालन बहाल कर दिया गया।

यह भी पढ़ें : गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की मौत के बाद झारखंड के संगठित अपराध पर असर, नेटवर्क पर पुलिस की नजर

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी थी। रेलवे अधिकारियों ने माना कि घटना गंभीर थी, लेकिन समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment