सावन की पहली सोमवारी पर ध्वजाधारी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों ने किया जलाभिषेक

Rupa Kumari | August 3, 2026 | 11:29 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : सावन माह की पहली सोमवारी पर झारखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ध्वजाधारी धाम में श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी आस्था प्रकट की। पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा। सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में कांवरिया पवित्र जल लेकर ध्वजाधारी धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने 777 सीढ़ियां चढ़कर पहाड़ी की चोटी पर स्थित शिवालय में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। भक्तों ने नारियल फोड़ा, बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

जिलेभर के शिवालयों में दिखी भक्तों की भीड़

सावन की पहली सोमवारी को लेकर केवल ध्वजाधारी धाम ही नहीं, बल्कि जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। महिला, पुरुष, युवक-युवतियों ने भगवान शिव को बेलपत्र, चंदन, दूध, धतूरा, भांग और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

भोलेनाथ की आराधना में डूबे श्रद्धालु

भक्तों का मानना है कि सावन माह में सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस दिन भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें : रांची में CID और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोचिंग संचालकों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

सुरक्षा और व्यवस्था पर रहा विशेष ध्यान

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से दर्शन और पूजा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। सावन की पहली सोमवारी पर ध्वजाधारी धाम में उमड़ी आस्था की यह भीड़ एक बार फिर भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक बनकर सामने आई।

Share this news

संबंधित खबरें