Samachar Post डेस्क,बिहार : भोजपुर के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई है। गुरुवार देर रात एसटीएफ (STF) के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में जुटी एजेंसियों के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उन पर भरत तिवारी को पहली गोली मारने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किए जाने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट से निलंबित IAS विनय चौबे को बड़ी राहत, हजारीबाग वन भूमि घोटाला मामले में मिली जमानत
मां ने भी लगाया था हत्या का आरोप
जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, भरत तिवारी की मां आशा देवी ने भी अक्षय कुमार पर हत्या का आरोप लगाया था। उनका दावा है कि भरत तिवारी के आत्मसमर्पण करने के बाद सबसे पहले गोली अक्षय कुमार ने चलाई थी। इसी मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद से अक्षय कुमार फरार बताए जा रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

24 जुलाई को मुख्यमंत्री से मिला था परिवार
गौरतलब है कि 24 जुलाई को भरत तिवारी के परिजनों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।
जांच अभी जारी
भरत तिवारी की कथित एनकाउंटर में मौत के बाद यह मामला काफी चर्चा में रहा। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने मामले की न्यायिक जांच की मांग करते हुए प्रदर्शन भी किए थे। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियां इस मामले में अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Reporter | Samachar Post

