Samachar Post रिपोर्टर,रांची : रांची के चर्चित अशोक नगर डबल हाउस चोरी कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब ₹60 लाख के जेवरात बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक पुलिस ₹1 करोड़ से अधिक के जेवरात बरामद कर चुकी है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें : पारा शिक्षक विशेष भर्ती को लेकर विवाद गहराया, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी का आरोप
9 जुलाई को दो घरों में हुई थी हाई-प्रोफाइल चोरी
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 172/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष SIT का गठन किया गया था।
CCTV और डिजिटल साक्ष्यों से खुला मामला
जांच के दौरान एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल इनपुट का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर कई राज्यों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कोलकाता से चोरी में इस्तेमाल की गई नीले रंग की जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की गई। इसके अलावा चोरी के सोने के आभूषण और ₹17.36 लाख नकद भी बरामद किए गए। पुलिस जांच में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों की पहचान इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

आरोपियों की पत्नियां भी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी इरफान और अफरोज के ठिकानों पर छापेमारी की। वहां से उनकी पत्नियों के कब्जे से चोरी के गहने और नकदी बरामद की गई। इसके बाद सीतामढ़ी (बिहार) निवासी गुलशन प्रवीण और दिल्ली के बवाना निवासी शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर चोरी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
80 से अधिक मामलों में वांछित है गिरोह का सरगना
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना मो. इरफान देश के कई राज्यों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ 80 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर समेत कई शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post

