SIR फॉर्म भरने में लापरवाही न करें, 29 जुलाई से पहले आवेदन करें: अंजुमन इस्लामिया

Meenu | July 23, 2026 | 01:05 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,लोहरदगा : जिला अंजुमन इस्लामिया ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर जिले के मतदाताओं से समय रहते फॉर्म भरने की अपील की है। संगठन के सदर अब्दुल रऊफ अंसारी और सेक्रेटरी शाहिद अहमद बेलू ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक SIR फॉर्म जमा नहीं किया है, वे 29 जुलाई से पहले अपने-अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर आवेदन अवश्य जमा करें। अंजुमन इस्लामिया ने कहा कि जिन लोगों ने पहले ही SIR फॉर्म जमा कर दिया है, वे अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन भी जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या दस्तावेजों में कमी हो, तो उसे समय रहते ठीक कराया जा सकता है। संगठन ने मतदाताओं से अपील की कि वे इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें, ताकि भविष्य में मतदान से संबंधित किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें : धनबाद में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, कुछ देर के लिए रुकी राजधानी एक्सप्रेस

5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

पदाधिकारियों ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। ऐसे में सभी मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है, तो संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर समय रहते आवश्यक सुधार कराने की सलाह दी गई है।

20 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम मतदाताओं ने नहीं भरा फॉर्म

अंजुमन इस्लामिया के अनुसार, उपलब्ध जानकारी के आधार पर 20 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम मतदाताओं ने अब तक SIR फॉर्म जमा नहीं किया है। इसी को देखते हुए संगठन ने विशेष रूप से मुस्लिम समाज से अपील की है कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। सभी लोग निर्धारित समय सीमा के भीतर फॉर्म भरकर अपने मताधिकार को सुरक्षित करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Share this news

संबंधित खबरें