दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम ने NEET में रचा इतिहास, झारखंड सरकार उठाएगी डॉक्टर बनने तक की पढ़ाई का खर्च

Rupa Kumari | July 22, 2026 | 05:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता हासिल करने वाली धनबाद की पूनम कुमारी आज पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा बन गई हैं। भूदा बस्ती निवासी दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम ने NEET 2026 में 582 अंक प्राप्त कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पूनम के पिता धरमू गोराई दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि उनकी मां पीपू देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

पहले बनीं जिला टॉपर, अब NEET में शानदार प्रदर्शन

पूनम की शैक्षणिक उपलब्धियां पहले भी चर्चा में रही हैं। उन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.4 प्रतिशत अंक हासिल कर धनबाद जिला टॉपर का स्थान प्राप्त किया था। अब NEET 2026 में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने मेडिकल क्षेत्र में अपने सपनों की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाया है। उनकी सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

मेडिकल शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगा जिला प्रशासन

पूनम की उपलब्धि से प्रभावित होकर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने उन्हें सम्मानित किया और भविष्य की पढ़ाई के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की शिक्षा-केंद्रित सोच और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की नीति के तहत पूनम के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश से लेकर डॉक्टर बनने तक की पूरी शैक्षणिक लागत जिला प्रशासन द्वारा वहन की जाएगी। इस निर्णय से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी बड़ा संदेश मिला है कि संसाधनों की कमी उनकी शिक्षा में बाधा नहीं बनने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पूनम कुमारी को उनकी सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों और CM School of Excellence के छात्र-छात्राएं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और अपने सपनों को साकार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पूनम की उपलब्धि को झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें : रांची में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, कांग्रेस भवन की ओर बढ़े भाजपा कार्यकर्ता; कांग्रेस ने कल BJP कार्यालय घेरने का किया ऐलान

संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानी

पूनम कुमारी की सफलता इस बात का उदाहरण है कि कठिन परिस्थितियां किसी व्यक्ति की मंजिल तय नहीं करतीं। लगन, मेहनत और सही दिशा में निरंतर प्रयास से बड़े से बड़ा सपना भी साकार किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Share this news

संबंधित खबरें