Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसा चौका थाना क्षेत्र में हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद एक बाइक डिवाइडर से जा टकराई। मृतक की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के बनिया बस्ती निवासी शुभम लायेक (19) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
चौका थाना के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शुभम लायेक मंगलवार देर रात चौका से अपने घर चांडिल लौट रहा था। इसी दौरान चौका थाना मुख्य द्वार के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद शुभम अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
TMH में इलाज के दौरान हुई मौत
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चांडिल पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद शुभम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया बुधवार को पूरी की जाएगी।

10 महीने पहले भी हुआ था सड़क हादसे का शिकार
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुभम करीब 10 महीने पहले भी एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ था। चांडिल न्यू बाईपास रोड (NH-18) स्थित भालूकोचा के पास हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उस समय लंबे इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौटा था। बताया जाता है कि उसके उपचार में परिवार ने काफी आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना किया था। लेकिन एक बार फिर सड़क हादसे ने परिवार से उनका युवा बेटा छीन लिया। हादसे की खबर मिलते ही बनिया बस्ती में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुभम की असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें : JPSC घेराव से पहले तमाड़ में रोके गए भाजयुमो कार्यकर्ता, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन
सड़क दुर्घटनाओं पर फिर उठे सवाल
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक सड़क हादसों में 52 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और जागरूकता अभियानों की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


