Samachar Post रिपोर्टर,दुमका : जामा की पूर्व विधायक और भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने संताल परगना के यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र के बेहतर रेल संपर्क को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने दुमका रेलवे स्टेशन से नई ट्रेनों के परिचालन और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग करते हुए कहा कि दुमका धार्मिक, प्रशासनिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र होने के बावजूद अब भी पर्याप्त रेल सेवाओं से वंचित है। अपने पत्र में सीता सोरेन ने दुमका से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और आसनसोल/रामपुरहाट–जसीडीह रूट पर नई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही संताल परगना क्षेत्र का देश के प्रमुख शहरों से रेल संपर्क भी मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें : JPSC में नया विवाद, UP में ब्लैकलिस्टेड बताई गई एजेंसी से कराई जा रहीं भर्ती परीक्षाएं, उठे पारदर्शिता पर सवाल
श्रावणी मेले के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का अनुरोध
सीता सोरेन ने अपने पत्र में श्रावणी मेला का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ और बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए इस क्षेत्र में पहुंचते हैं। दुमका से बासुकीनाथ की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है। ऐसे में उन्होंने मांग की है कि श्रावणी मेले के दौरान देश के प्रमुख शहरों से दुमका तक विशेष (स्पेशल) ट्रेनों का संचालन किया जाए। साथ ही वर्तमान में चल रही ट्रेनों के फेरों की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिल सके।

यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी दिया जोर
पूर्व विधायक ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए दुमका रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए और नई ट्रेनों के परिचालन को जल्द मंजूरी दी जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

Reporter | Samachar Post

