गढ़वा में साइकिल वितरण के नाम पर छात्रों से ₹50 की वसूली का आरोप, हंगामे के बाद लौटाए गए पैसे

Meenu | July 21, 2026 | 10:49 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में सरकार की साइकिल वितरण योजना के दौरान कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। धुरकी प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि टाटीदीरी उच्च विद्यालय के शिक्षकों ने साइकिल दिलाने के नाम पर प्रत्येक छात्र से 50 रुपये वसूले। मामला सामने आते ही परिसर में हंगामा शुरू हो गया। साइकिल वितरण के दौरान मौजूद छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में बताया कि उनसे साइकिल प्राप्त करने के लिए पैसे लिए गए हैं। आरोप सामने आने के बाद प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और छात्रों ने इसका विरोध किया।

यह भी पढ़ें : झारखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल, 41 इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों का तबादला

बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद लौटाए गए पैसे

घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अनुरंजन झा मौके पर पहुंचे और छात्रों से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने टाटीदीरी उच्च विद्यालय के शिक्षक प्रमोद कुमार और पंकज भारती को बुलाकर पूछताछ की। बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद छात्रों से लिए गए सभी पैसे वापस करा दिए गए।

जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई

बीडीओ अनुरंजन झा ने कहा कि सरकारी योजनाओं के नाम पर छात्र-छात्राओं से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली गंभीर मामला है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच में जो भी शिक्षक या कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानाध्यापक ने आरोपों से किया इनकार

वहीं, टाटीदीरी उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक पारसनाथ यादव ने विद्यालय स्तर पर किसी भी छात्र से पैसे लेने के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि स्कूल की ओर से किसी प्रकार की राशि नहीं ली गई है। यदि प्रखंड कार्यालय पहुंचने के बाद किसी ने पैसे लिए हैं, तो इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

Share this news

संबंधित खबरें