झारखंड में आज भी बारिश का दौर जारी, रांची समेत 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

Meenu | July 21, 2026 | 10:22 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से सोमवार को कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जबकि देर रात तक भी कई इलाकों में वर्षा होती रही। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 21 जुलाई के लिए रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। हजारीबाग में 139.2 मिमी, लोहरदगा में 112 मिमी, कांके में 80.2 मिमी और जामताड़ा में 56 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है।

दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बढ़ी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार, एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन रोहतक, हरदोई, वाराणसी, मेदिनीनगर, पुरुलिया और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। वहीं दूसरा साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर झारखंड और बिहार से होकर त्रिपुरा एवं पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहा है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहने की संभावना है।

सामान्य से 33 प्रतिशत कम हुई बारिश

लगातार बारिश के बावजूद राज्य में मानसून का कुल प्रदर्शन अब भी सामान्य से पीछे है। 1 जून से 20 जुलाई के बीच झारखंड में सामान्य से 33 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में राज्य में 319.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 261.4 मिमी वर्षापात रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी रांची में भी इस अवधि के दौरान सामान्य से 19 प्रतिशत कम बारिश हुई। यहां 406.4 मिमी सामान्य वर्षापात के मुकाबले 331.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

तापमान में आई गिरावट

लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का 33.4 डिग्री सेल्सियस और मेदिनीनगर का 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

Share this news

संबंधित खबरें