MGM अस्पताल के होमगार्ड जवानों को बड़ी राहत, 4 माह का बकाया वेतन जल्द मिलेगा

Rupa Kumari | July 20, 2026 | 01:40 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। चार महीने से लंबित वेतन भुगतान का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने वेतन मद में 3 करोड़ 61 लाख रुपये जारी कर दिए हैं, जिससे कर्मचारियों के बकाया भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकारियों के अनुसार जारी की गई राशि का वितरण जल्द किया जाएगा और अगले एक-दो दिनों के भीतर कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन की रकम पहुंचने की उम्मीद है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारी आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे थे।

वायरल वीडियो के बाद तेज हुई कार्रवाई

वेतन भुगतान का मामला उस समय चर्चा में आया जब एमजीएम अस्पताल में तैनात एक महिला होमगार्ड जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में महिला ने चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार चलाने में आ रही कठिनाइयों को भावुक होकर बताया था।वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और कर्मचारियों की समस्याओं पर व्यापक चर्चा शुरू हुई।

विधायक सरयू राय ने उठाया मुद्दा

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से बातचीत की। उन्होंने एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मियों के लंबित वेतन भुगतान की मांग की। विधायक के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, जिसके बाद सरकार ने राशि जारी कर दी।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक को गोली मारने का आरोप, डॉक्टर के खिलाफ जांच शुरू

कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी राहत

वेतन जारी होने की खबर से होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों में राहत का माहौल है। कई कर्मचारी लंबे समय से वेतन के इंतजार में थे और आर्थिक दबाव झेल रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के लिए 65 करोड़ रुपये भी जारी किए हैं। इस राशि का उपयोग आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बकाया भुगतान सहित अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जाएगा। एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है।

Share this news

संबंधित खबरें