सिमडेगा में मासिक अपराध गोष्ठी, SP श्रीकांत एस. खोटरे ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश

Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा : जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की समीक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें : बेंगाबाद के सुहर्ष ने बढ़ाया झारखंड का मान, NEET UG 2026 में बने स्टेट टॉपर

कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश

बैठक में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुराने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया जाए। इसके अलावा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष अभियान संचालित करने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने निर्देश दिया कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग और ओवरलोडिंग जैसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

सर्पदंश के मामलों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर

बरसात के मौसम को देखते हुए एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने सर्पदंश की घटनाओं को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अंधविश्वास से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले, तो झाड़-फूंक के बजाय उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाए, ताकि समय पर इलाज मिल सके और जान बचाई जा सके।

संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाने, आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

Share this news

संबंधित खबरें