Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को गति देने के लिए हजारीबाग जिला प्रशासन ने नगर निगम (शहरी) क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर 18 जुलाई और 20 जुलाई 2026 को विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन कैंपों के माध्यम से गणना प्रपत्र का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : कम बारिश से निपटने की तैयारी में झारखंड सरकार, किसानों के लिए विशेष कृषि योजना पर जोर
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे कैंप
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने 25-हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित सभी सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को विशेष कैंप के सफल संचालन के निर्देश दिए हैं। विशेष कैंप सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर लगाए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर बीएलओ (BLO) मौजूद रहेंगे। उनके साथ बीएलओ सुपरवाइजर, हेल्प डेस्क मैनेजर और स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे, जो मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने, उसे भरने और जमा कराने में सहायता करेंगे।
मतदान केंद्र से बाहर रहने वाले मतदाता भी ले सकेंगे प्रपत्र
प्रशासन ने बताया कि यदि कोई मतदाता किसी कारणवश अपने मतदान केंद्र क्षेत्र से बाहर रह रहा है, तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकता है। ऐसे मतदाताओं से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है। साथ ही सभी अवशेष गणना प्रपत्रों को मतदाता क्रम के अनुसार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शत-प्रतिशत संग्रहण और डिजिटाइजेशन पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 18 और 20 जुलाई को आयोजित विशेष कैंपों के दौरान गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर अतिरिक्त कर्मियों और स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि कार्य तेज और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।
मतदाताओं से प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर गणना प्रपत्र प्राप्त करें, उसे सही तरीके से भरकर जमा करें और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। प्रशासन का कहना है कि इससे भविष्य की निर्वाचन प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बन सकेगी।

Reporter | Samachar Post

