साकची बाजार में दबंगई दिखाना पड़ा महंगा, वायरल वीडियो के बाद आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कराई माफी

Meenu | July 18, 2026 | 10:46 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : साकची बाजार में फल व्यापारी के कर्मचारी के साथ मारपीट करने और दबंगई दिखाने वाले आरोपी मोहम्मद फहीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसी बाजार में ले जाकर दुकानदारों व आम लोगों के सामने हाथ जोड़कर माफी मंगवाई, जहां उसने कथित तौर पर दबंगई दिखाई थी।

यह भी पढ़ें : झारखंड में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, रांची समेत 12 जिलों में तेज बारिश की संभावना

वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें मोहम्मद फहीम एक व्यक्ति के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। पुलिस की मौजूदगी में उसने बाजार में हाथ जोड़कर दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपनी गलती के लिए माफी मांगी।

फल के दाम को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, साकची टीना शेड में फल के दाम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद मोहम्मद फहीम ने फल व्यापारी सत्यनारायण केसरी के कर्मचारी माधव चातर के साथ मारपीट की। वायरल वीडियो में आरोपी कर्मचारी को सड़क पर गिराकर पीटते और उसका गला दबाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को साकची बाजार लेकर पहुंची, जहां उसने हाथ जोड़कर दुकानदारों और स्थानीय लोगों से माफी मांगी। पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है।

घायल कर्मचारी का चल रहा इलाज

मारपीट में घायल कर्मचारी माधव चातर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें