Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : गुजरात के राजकोट में आर्थिक तंगी और कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे पश्चिमी सिंहभूम जिले के चार प्रवासी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की पहल से मजदूरों को राहत मिली और उनके घर लौटने की व्यवस्था की गई। जानकारी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम के चार मजदूर रोजगार के सिलसिले में गुजरात के राजकोट गए थे। वहां आर्थिक संकट के कारण वे न केवल घर लौटने में असमर्थ थे, बल्कि भोजन और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी का सामना कर रहे थे। मामला सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने तत्काल संज्ञान लिया और मजदूरों से संपर्क स्थापित किया। उनकी स्थिति की जानकारी लेने के बाद सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू की गई।
यात्रा और भोजन के लिए उपलब्ध कराया गया सहयोग
मजदूरों की सहायता के लिए समाजसेवी विनोद भागेरिया भी आगे आए। उन्होंने यात्रा, भोजन और अन्य जरूरी खर्चों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया। दोनों की संयुक्त पहल से मजदूरों के लिए ट्रेन टिकट की व्यवस्था की गई, जिसके बाद वे अपने गृह क्षेत्र चक्रधरपुर के लिए रवाना हो सके। सहायता प्राप्त करने वाले मजदूरों ने कहा कि समय पर मिली मदद उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई। उन्होंने सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वे बेहद परेशान थे, लेकिन सामाजिक सहयोग से अब वे सुरक्षित अपने परिवारों के पास लौट रहे हैं।

संकट में मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी : सन्नी उरांव
चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि प्रवासी मजदूर देश के विभिन्न हिस्सों में मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में यदि वे किसी संकट में फंसते हैं तो उनकी सहायता करना समाज और जनप्रतिनिधियों की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही मजदूरों से संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई और भविष्य में भी पश्चिमी सिंहभूम या चक्रधरपुर का कोई भी व्यक्ति कहीं परेशानी में होगा तो हरसंभव मदद की जाएगी।
यह भी पढ़ें : नामकुम भूमि मामले में ACB जांच तेज, तत्कालीन CO और कर्मचारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच (PE) को मिली मंजूरी
स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना
इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है। लोगों का कहना है कि संकट के समय जरूरतमंदों की सहायता कर सामाजिक उत्तरदायित्व का अच्छा उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। इससे अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

