नामकुम भूमि मामले में ACB जांच तेज, तत्कालीन CO और कर्मचारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच (PE) को मिली मंजूरी

Meenu | July 17, 2026 | 12:15 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : नामकुम अंचल में भूमि की खरीद-बिक्री और राजस्व अभिलेखों में कथित हेरफेर से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान ACB ने जानकारी दी कि तत्कालीन अंचल अधिकारी (CO) और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच की अनुमति राज्य सरकार से मिल गई है। यह मामला थॉमस साइमन साइरिल हंस द्वारा दायर याचिका से जुड़ा है। शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में हुई, जिसमें ACB ने जांच की प्रगति से अदालत को अवगत कराया।

यह भी पढ़ें : अवैध कब्जे और कटते जंगलों पर बड़ा एक्शन, झारखंड में 10,715 वर्ग किमी का इको-कॉरिडोर नेटवर्क बनेगा

हाईकोर्ट ने पहले दिए थे जांच के आदेश

इससे पहले 4 मई को झारखंड हाईकोर्ट ने नामकुम अंचल के एक दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) मामले में मूल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए जाने को गंभीरता से लेते हुए ACB को पूरे प्रकरण की जांच का निर्देश दिया था। जस्टिस राजेश शंकर की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए जांच एजेंसी को सभी पहलुओं की जांच करने का आदेश दिया था।

डुंडु इलाके की जमीन से जुड़ा है मामला

जानकारी के अनुसार, जिस भूमि को लेकर विवाद सामने आया है, वह नामकुम अंचल के डुंडु क्षेत्र में स्थित है। आरोप है कि भूमि की खरीद-बिक्री और अंचल कार्यालय के दस्तावेजों में कथित अनियमितताएं हुई हैं। अब ACB प्रारंभिक जांच के जरिए पूरे मामले की पड़ताल करेगी।

Share this news

संबंधित खबरें