- रातू थाना क्षेत्र की घटना, शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई; फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना 12 जुलाई की रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 14 जुलाई को रातू थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी सहित दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
युवती ने दर्ज कराया बयान
खूंटी जिले की रहने वाली युवती वर्तमान में रांची के तुपुदाना क्षेत्र में रह रही है। शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि उसके साथ रातू थाना क्षेत्र के ब्रजपुर ईंट भट्ठा के पास स्थित एक जर्जर मकान में घटना को अंजाम दिया गया। युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद कुछ आरोपियों ने मामले को दर्ज नहीं कराने के लिए उस पर दबाव बनाया। युवती ने यह भी दावा किया है कि समझौते के लिए उसे पैसे देने की कोशिश की गई, लेकिन उसने प्रस्ताव ठुकरा दिया और कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुना।
यह भी पढ़ें: झारखंड को मिल सकती है दो नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेनें, टाटानगर से मुंबई और वाराणसी के लिए भेजा गया प्रस्ताव
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

