बोकारो में बेखौफ चेन स्नैचर, 24 घंटे में दूसरी वारदात से बढ़ी चिंता

Meenu | July 13, 2026 | 02:11 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो : बोकारो में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से 10 ग्राम सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। शहर में 24 घंटे के भीतर चेन स्नैचिंग की यह दूसरी घटना है, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़िता कनक लता, जो गोमिया के स्वांग की रहने वाली हैं, अपने पति संजय कुमार सिन्हा के साथ बेटे का इलाज कराने बोकारो आई थीं।

यह भी पढ़ें : RIMS में अग्निशमन मॉक ड्रिल आयोजित, आपात स्थिति से निपटने का दिया गया प्रशिक्षण

मेडिकल स्टोर के बाहर दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, दंपती सेक्टर-4 स्थित लक्ष्मी मार्केट में मयूर मेडिकल के बाहर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से वहां मौजूद बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के करीब पांच से सात मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में महिला ने सेक्टर-4 थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता और उनके पति ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने कुछ दूरी तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन दोनों आरोपी फरार होने में सफल रहे। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से एक ने सफेद टोपी और स्काई ब्लू रंग की शर्ट पहन रखी थी, जिससे उनकी पहचान में मदद मिल सकती है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद सेक्टर-4 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2C में भी शैलेन्द्र यादव उर्फ मुन्ना यादव के गले से सोने की चेन छीन ली गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Share this news

संबंधित खबरें