Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित तापे गांव में हथियारबंद अपराधियों ने एक राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। 20 से 22 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने करीब पांच घंटे तक परिसर में उत्पात मचाया, कर्मचारियों को बंधक बनाया और लॉकर से 3.35 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, घटना 10 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे की है। अपराधी पिकअप वैन से पहुंचे थे और सभी ने अपने चेहरे काले कपड़े से ढक रखे थे। परिसर में घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने कर्मचारियों के हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने लॉकर की चाबी अपने कब्जे में लेकर उसमें रखी नकदी निकाल ली।
लॉकर से नकदी लूटी, ट्रांसफार्मर भी तोड़ा
डकैतों ने लॉकर से 3.35 लाख रुपये नकद लूट लिए। इसके अलावा परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर उसमें मौजूद कॉपर वायर भी निकाल लिए। अपराधी गोदाम में रखी कोल्डड्रिंक्स की बोतलें भी अपने साथ ले गए। पीड़ितों का कहना है कि अपराधियों को परिसर की बनावट, सुरक्षा व्यवस्था और लॉकर के स्थान की पूरी जानकारी थी, जिससे अंदरूनी जानकारी होने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी परिसर में वर्ष 2023 में भी बड़ी डकैती की घटना सामने आई थी। एक बार फिर उसी परिसर को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अपराधियों को परिसर की इतनी सटीक जानकारी कैसे मिली।

कर्मी ने पुलिस पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
मामले में रांची निवासी आदित्य सिंह के बयान पर 12 जुलाई को ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अपराधियों की तलाश करने के बजाय पुलिस ने एक कर्मी विनीत सिंह से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की और उसके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया। हालांकि ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित कर्मी को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ें: रांची में स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा स्थायी ठिकाना, सांसद संजय सेठ और मेयर रौशनी खलखो ने पंडरा में किया भूमि निरीक्षण
पुलिस जुटी जांच में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

