RSS कार्यालय पेट्रोल बम हमला: दोनों आरोपी कोर्ट में पेश, न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल

Meenu | July 9, 2026 | 04:06 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों अमन अंसारी और सायम सुजान को गुरुवार को एनआईए (NIA) के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत में पेश किया गया। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार भेजने का आदेश दिया। यह मामला 16 जून की देर रात का है, जब निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर दो बार पेट्रोल बम फेंके गए थे। घटना रात 12:36 बजे और 12:39 बजे के बीच हुई। उस समय संघ कार्यालय में करीब 20 लोग मौजूद थे। हालांकि, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

यह भी पढ़ें : पलामू कथित अपहरण केस में नया मोड़: विवाहिता ने पति के साथ जाने से किया इनकार, पुलिस कर रही जांच

दो जगह फेंके गए थे पेट्रोल बम

जांच के अनुसार, पहला पेट्रोल बम सॉस की कांच की बोतल में बनाकर कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर स्थित प्रवेश द्वार के पास फेंका गया था। बोतल टूटने के कारण उसमें विस्फोट नहीं हुआ। वहीं दूसरा पेट्रोल बम कोल्ड ड्रिंक की बोतल में बनाकर कार्यालय की छत पर फेंका गया, जहां उसमें आग भड़कने की घटना हुई।

SIT ने कोडरमा से किया था गिरफ्तार, NIA कर रही जांच

घटना के बाद रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने दोनों आरोपियों को कोडरमा से गिरफ्तार किया था। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपने हाथ में ले ली। फिलहाल एजेंसी पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें