रांची के चुटिया थाने में रील बनाना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने कराई परेड, लिखित माफी के बाद छोड़ा

Meenu | July 7, 2026 | 01:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के चुटिया थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया, थाना परिसर में उसकी परेड कराई और लिखित माफीनामा लेने के बाद पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया जानकारी के अनुसार, युवक ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से चुटिया थाना परिसर के अंदर एक शॉर्ट वीडियो (रील) बनाया और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा।

यह भी पढ़ें :रोहतास में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौके पर हुई मौत

बिना अनुमति संवेदनशील परिसर में वीडियो बनाने पर कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि थाने जैसे संवेदनशील सरकारी परिसर में बिना अनुमति वीडियो बनाना उचित नहीं है। वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित युवक साहिल महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने युवक को उसकी गलती का अहसास कराने के लिए थाना परिसर में परेड कराई। इसके बाद उससे लिखित में यह आश्वासन लिया गया कि वह भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा नहीं करेगा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। रिहा होने के बाद साहिल महतो ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस और समाज से माफी मांगी। उसने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध होने की चाह में उसने यह रील बनाई थी, लेकिन अब उसे अपनी गलती का एहसास है और वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा।

रांची पुलिस की लोगों से अपील

रांची पुलिस ने इस मामले के जरिए लोगों से अपील की है कि सरकारी कार्यालयों, विशेषकर पुलिस थानों जैसे संवेदनशील स्थानों पर बिना अनुमति रील या मनोरंजनात्मक वीडियो न बनाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था और सरकारी संस्थानों की गरिमा से जुड़ी ऐसी गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें